कवि – परिचय

अशोक वाजपेयी का जीवन परिचय – Biography of Ashok Vajpayee in Hindi
अशोक वाजपेयी आधुनिक प्रगतिवादी कविता के प्रमुख कवि हैं। उनका समग्रबोध, भौतिक, सामाजिक तथा साधारण जीवन की ही कथा है। लोकसेवक के रूप में आपने कला के उत्थान में अद्वितीय योगदान दिया है।
जीवन-परिचय – अशोक वाजपेयी जी का जन्म 16 जनवरी, सन् 1941 ई० में दुर्ग जिले (म० प्र०) में हुआ था। इन्होंने सागर विश्वविद्यालय से बी०ए० परीक्षा उत्तीर्ण की तथा सन् 1960 ई० में सागर विश्वविद्यालय से एम०ए० (अंग्रेजी, साहित्य) परीक्षा पास की। यहाँ पर दो वर्ष आपने अध्यापन कार्य भी किया। तत्पश्चात् आई०ए०एस० परीक्षा उत्तीर्ण करके भोपाल में विशेष सचिव, संस्कृति एवम् प्रशासन पद को अलंकृत किया। ‘पूर्वाग्रह’ नामक पत्रिका का सफल सम्पादन आपने अनेक वर्षों तक किया।
रचनाएँ (कृतियाँ) — अशोक वाजपेयी की प्रमुख कृतियाँ हैं- एक पतंग अनन्त में, शहर अब भी सम्भावना है, तत्पुरुष कह नहीं वहीं, घास में दुबका आकाश, अभी कुछ और तिनका-तिनका, बहुरि अकेला, समय से बाहर आदि 33 कृतियाँ प्रकाशित की जा चुकी हैं।
भाषा-शैली – अशोक वाजपेयी कविता, आलोचना तथा समीक्षा के क्षेत्र में विशेष रूप से जाने जाते हैं। इनकी शैली ओजपूर्ण तथा अनूठी है। आपने अपनी भाषा में ऐसी शब्दावली का प्रयोग किया है जिसे पढ़कर पाठक भाव-विभोर हो जाता है।
सम्मान – सन् 1994 ई० में साहित्य अकादमी पुरस्कार तथा दयावती मोदी कवि शिखर सम्मान से अलंकृत। यह सम्मान आपको अपने काव्य संग्रह ‘कहीं नहीं वहीं’ के लिए दिया गया है। साठोत्तरी कवियों में अशोक वाजपेयी जी का नाम विशेष रूप से उल्लेखनीय है। आपने अपनी रचनाओं में करुणा, दया, प्रेम तथा मातृत्व को विशेष स्थान दिया है। विश्वबन्धुत्व तथा विश्व शान्ति के साथ मानवीय सम्बन्धों को प्रगाढ़ करने में आप सदा अग्रणी रहे हैं।